सुधांशु कुमार सतीश
सुपौल– बिहार में एक और कोरोना के संक्रमित की पहचान की गई। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को जिस मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वह नालंदा के बिहारशरीफ इलाके का रहने वाला है। उसकी उम्र 55 है। यह व्यक्ति भी नालंदा के मरीज के संपर्क में आने से ही संक्रमित हुआ है। दुबई से लौटने वाला यह मरीज अब तक नालंदा के 4 और पटना के एक मरीज को संक्रमित कर चुका है। बिहार में अबतक कोरोना संक्रमित की संख्या 87 हो चुकी है।
वैशाली के कोरोना संक्रमित के कारण 1000 व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग के रडार पर
बिहार के वैशाली जिले के संक्रमित नवल को लेकर एक हजार से अधिक लोग स्वास्थ्य विभाग के रडार पर हैं। पॉपुलर अस्पताल में एक अप्रैल से लेकर प्रतिबंध लगाने तक के बीच आए मरीजों का डाटा खंगाला जा रहा है। खुसरूपुर के भी हॉस्पिटल में 20-30 मार्च के बीच आए मरीजों की जांच की जा रही है। दोनों अस्पतालों और उनके यहां इलाज के लिए आए मरीजों और तीमारदारों की पूरी सूची हजार पार होगी। अस्पताल में आने वालों का एक एक कनेक्शन खंगाला जा रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि नवल के संक्रमण का ऐसा मामला है जिसमें न तो संक्रमित करने वाले युवक का पता चला है और ना ही एक स्थान का, जहां से वह संक्रमित हुआ है। ऐसे में प्रशासन के सामने इसका खुलासा बड़ी चुनौती है।
बिहार में कोरोना जांच और होगा तेज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भेजा 6240 रैपिड टेस्ट किट
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण की जांच और तेज करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने 6240 रैपिड टेस्ट किट बिहार को पहली किस्त के तौर पर भेजा है। इससे जांच में पहले की अपेक्षा और तेजी आएगी। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने शनिवार को बताया कि केंद्र सरकार ने पहली किस्त के रूप में दोपहर में 6240 रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध कराए हैं। यह एक एंटीबॉडी आधारित किट है। विभाग इसके उपयोग के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार कर रहा है।







